नागदा में तलवार से युवक की हत्या का आरोपित गिरफ्तार, विवाद के बाद दिया था वारदात को अंजाम
- DSS Admin
- Jun 29, 2026
नागदा, 29 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के बिरलाग्राम थाना क्षेत्र में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार को मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपित ने आपसी विवाद के बाद तलवार से हमला कर युवक की हत्या कर दी थी।
जानकारी के मुताबिक, बिरलाग्राम के जी ब्लॉक टापरी क्षेत्र में जयप्रकाश उर्फ टक्कु और मोहन ढोली के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर मोहन ढोली गाली-गलौज करते हुए अपने घर गया और कुछ देर बाद तलवार लेकर वापस लौटा। आरोप है कि उसने जयप्रकाश पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसके सीने में गंभीर चोट आई।
घटना के बाद घायल जयप्रकाश को तत्काल जनसेवा अस्पताल, बिरलाग्राम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर बिरलाग्राम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फरियादी आकाश राजपूत की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ अपराध क्रमांक 195/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उज्जैन प्रदीप शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) करणदीप और नगर पुलिस अधीक्षक नागदा विक्रम अहिरवार के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तलाश के बाद हत्या के आरोपित मोहन पुत्र अंबाराम ढोली (45), निवासी ई ब्लॉक टापरी, बिरलाग्राम नागदा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपित की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक जितेंद्र पाटीदार सहित बिरलाग्राम थाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

