तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े आयशर में घुसी, एयरबैग खुलने से टला बड़ा हादसा
- DSS Admin
- May 21, 2026
नागदा, 21 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा से करीब 18 किलोमीटर दूर उन्हेल रोड स्थित ईदगाह के सामने गुरुवार शाम एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े आयशर वाहन में जा घुसी। हादसा इतना जोरदार था कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन के एयरबैग तुरंत खुल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
टक्कर की चपेट में सड़क किनारे खड़ा एक दोपहिया वाहन भी आ गया, जो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। राहत की बात यह रही कि स्कॉर्पियो में सवार लोगों को गंभीर चोटें नहीं आईं। एयरबैग समय पर खुल जाने से सभी सुरक्षित बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए यातायात व्यवस्था संभाली। स्थानीय लोगों ने भी घायलों और वाहन सवारों की मदद की।
पुलिस फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

