संसाेधित : हर्बल रंगाें से मचेगी हाेली की धूम, 4 से 9 साल के हाेल्यार बच्चे रहेंगे आकर्षण का केंद्र

नैनीताल, 4 मार्च (हि.स.)। कुमाऊं मंडल के मुख्यालय नैनीताल में नगर की सर्वप्राचीन धार्मिक-सामाजिक संस्था श्रीराम सेवक सभा के तत्वावधान में परंपरागत कुमाउनी होली के संरक्षण एवं संवद्धर्न के लिये पिछले 29 वर्षों से फागोत्सव मनाया जा रहा है। इस वर्ष 4 से 9 साल के बच्चाें की हाेली मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अलावा हाेली के लिए दाे कुंतल हर्बली रंग तैयार किए गए हैं और ये रंग हाेली में इस साल खूब रंग जमाने वाले हैं। होली काे पूरी तरह से प्लास्टिक मुक्त रखने के खाथ ही रंग के लिये कपड़े की थैलियां उपलब्ध करायी जाएंगी, जिनसे वे रंग उड़ाएंगे।

मंगलवार को श्रीराम सेवक सभा के पदाधिकारियों ने पत्रकार वार्ता के माध्यम से 29वें फागोत्सव की जानकारी दी। बताया कि इस दौरान दो दिनों तक आयोजित होने वाली महिला होली के लिये 24 महिला होल्यारों के दलों को स्वीकृति दी गयी है, जबकि 6 अन्य को अगले वर्ष शामिल करने का आश्वासन दिया गया है। सभी दलों की एक-एक महिला होल्यारों के साथ ही 6 सर्वश्रेष्ठ महिला होल्यार और पुरुष बैठकी होली के 12 प्रतिभागी होल्यार पुरस्कृत किए जाएंगे। पूरे आयोजन की गतिविधियों को कैमरे में कैद करने के लिये फोटोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित होगी।

इसके विजेता को 7500 रुपये का पुरस्कार और 35 हजार रुपये के प्रवेश शुल्क वाली प्रख्यात छायाकार श्रीथ कपूर की हिमालयन लैंडस्केप फोटोग्राफी प्रतियोगिता की कार्यशाला में निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। जबकि द्वितीय पुरस्कार के रूप में 5000 व तृतीय पुरस्कार के रूप में 3500 के साथ 1000 के चार सांत्वना पुरस्कार भी दिये जाएंगे। इस दौरान नगर के वृंदावन पब्लिक स्कूल व अमेरिकन किड्ज स्कूल के 4 से 9 वर्ष के नन्हे बच्चे और श्रीराम सेवक सभा से प्रशिक्षित हो रहे 11 से 15 वर्ष के बच्चों की होली प्रस्तुतियां और बड़ों के पैर छूकर आशीष लेने की पहलें भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

फागोत्सव का कार्यक्रम

- 6 मार्च को तल्लीताल धर्मशाला से महिला होली जुलूस एवं स्वांग सुबह 11 बजे से एवं फागोत्सव का औपचारिक शुभारंभ व महिला होली दलों की प्रस्तुति अपराह्न 2 बजे से

- 7 मार्च को महिला होली दलों की प्रस्तुति अपराह्न 2 बजे से

- 8 मार्च को महिला बैठकी होली अपराह्न 2 बजे से

- 9 मार्च को रंगधारण एवं चीर बंधन सुबह 11 बजे से

- 10 मार्च को आंवला एकादशी सुबह 11 बजे से और होली एकल गायन अपराह्न 2 बजे से

- 11 मार्च को स्कूली बच्चों की प्रस्तुति अपराह्न 2 बजे से

- 12 मार्च को श्री राम सेवक सभा के कलाकारों की होली प्रस्तुति अपराह्न 2 बजे से

- 13 मार्च को होली जुलूस अपराह्न 1 बजे से, पुरुष बैठकी होली शाम 5.30 बजे से और होलिका दहन रात्रि 9 बजे के बाद

- 15 मार्च को छलड़ी

हिन्दुस्थान समाचार

   

सम्बंधित खबर