बिहार में एक नई क्रांति जन्म ले चुकी है, जिसका बीजारोपण हो चुका है : विकास वैभव
- Admin Admin
- Mar 22, 2025

-लेट्स इंस्पायर बिहार के संकल्प से गुंजायमान हुआ बापू सभागार, विकास वैभव के साथ लोगों ने लिया बिहार बदलने का सामूहिक संकल्प
पटना, 22 मार्च (हि.स.)। 'लेट्स इन्स्पायर बिहार' ने 22 मार्च 2025 को बापू सभागार, पटना में अपने चौथे स्थापना दिवस को 'विकसित बिहार संकल्प महासभा' के रूप में भव्यता से मनाया।
इस मौके पर इस आंदोलन के संरक्षक विकास वै विकास वैभव ने कहा कि पूरे विश्वास से कह सकता हूं कि बिहार में एक नई क्रांति जन्म ले चुकी है, जिसका बीजारोपण हो चुका है। यह क्रांति देश में अब तक हुई अन्य क्रांतियों से अलग है।
विकास वैभव ने कहा कि 1857 की क्रांति स्वतंत्रता के लिए थी, 1975 की क्रांति समाज में व्यवस्था परिवर्तन के लिए थी, लेकिन यह क्रांति शिक्षा, उद्यमिता और समता के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने के लिए है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि, इस अभियान का कोई राजनीतिक उद्देश्य प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से नहीं है। इसका लक्ष्य भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना है, जो बिहार के विकास के बिना संभव नहीं है। इसलिए, 'बिहार के विकास के माध्यम से भारत का विकास' इस आंदोलन का मूल मंत्र है।
आईपीएस वैभव ने हाल ही में प्रकाशित एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि बिहार की प्रति व्यक्ति मासिक आय 5028 रुपये है, जो भारत के सभी राज्यों में सबसे कम है। वहीं, सिक्किम की प्रति व्यक्ति मासिक आय 48000 और तमिलनाडु की 32000 है। उन्होंने यह भी समझाया कि बिहार की वर्तमान वार्षिक विकास दर 14.5 प्रतिशत है। यदि यही गति बनी रही, तो अगले दस वर्षों में बिहार की प्रति व्यक्ति आय केवल 20,000 तक पहुंच पाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी