गोविंद देवजी मंदिर में नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ रविवार को 

जयपुर, 8 फ़रवरी (हि.स.)। आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में रविवार को सुबह नौ से ग्यारह बजे तक नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। विश्व कल्याण की कामना के साथ यज्ञ देवता को आहुतियां प्रदान की जाएंगी।

मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में होने महायज्ञ को गायत्री तीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार के गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी के विद्वानों की टोली संपन्न कराएंगी। ठिकाना मंदिर श्री गोविंद देवजी के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि गायत्री महायज्ञ में कोई भी शामिल हो सकता है। गोविंद देवजी, वेदमाता गायत्री और गुरू सत्ता का सोडशोपचार पूजन कर अग्नि प्रज्जवलन कर यज्ञ देवता को आहुतियां प्रदान की जाएंगी।

इस मौके पर प्रयागराज महाकुंभ में आराध्य देव गोविंद जी के आशीर्वाद से लगाए गए गोविंद धाम अन्नक्षेत्र (शिविर) के समापन ठाकुरजी की विशेष पूजा-अर्चना कर शिविर के निर्विघ्न रूप से संपन्न होने पर भगवान के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की जाएगी। प्रयागराज महाकुंभ के लिए विभिन्न तरह का सहयोग करने वाले अथवा समयदान करने वाले सहयोगियों का मंदिर की ओर से सम्मान किया जाएगा।

महायज्ञ गायत्री एवं महामृत्युंजय महामंत्र के अलावा सूर्य, रूद्र, शिव, नवग्रह मंत्रों से भी आहुतियां प्रदान की जाएंगी। जिन श्रद्धालुओं का 9 फरवरी को जन्मदिन और विवाह दिवस है उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए विशेष आहुतियां प्रदान की जाएंगी। रोग मुक्ति की कामना के साथ सूर्य गायत्री मंत्र से आहुतियां प्रदान की जाएंगी। कुंभ में हुई भगदड़ में मारे गए लोगों की आत्मशांति के लिए यम गायत्री मंत्र से विशेष आहुतियां प्रदान की जाएंगी तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना के साथ सूर्य गायत्री मंत्र से आहुतियां प्रदान की जाएंगी। हवन के लिए अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार से विशेष हवन सामग्री मंगवाई गई है। इसमें चालीस से अधिक जड़ी बूटियां हैं। यज्ञ के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रयागराज महाकुंभ का प्रसाद वितरित किया जाएगा। गोविंद धाम में सेवा देने वाले श्रद्धालुओं का सम्मान किया जाएगा। इस मौके पर प्रेरणादायी पुस्तकों की स्टॉल भी लगाई जाएगी। यहां लागत दर पर पुस्तकें उपलब्ध रहेगी। श्रद्धालुओं का प्रयागराज के कुंभ जल से अभिसिंचन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

   

सम्बंधित खबर