किसी को भी दूसरे के धर्म पर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं: डॉ संजय निषाद

फिरोजाबाद, 13 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने गुरुवार को फिरोजाबाद में अफजाल अंसारी के बयान पर कहा कि प्रयागराज निषादराज की पवित्र भूमि है और किसी को भी दूसरे धर्म पर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष ने यदि काम किया होता तो जनता उन्हें सत्ता से बाहर नहीं करती।

उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संजय निषाद गुरूवार को फिरोजाबाद में उनकी पार्टी द्वारा आयोजित संवैधानिक न्यायिक आरक्षण अधिकार यात्रा में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेने पहुंचे थे। इस दौरान वह मीडिया से भी रूबरू हुए। उन्होंने अफजाल अंसारी के बयान पर कहा कि हर व्यक्ति को अपनी आस्था के अनुसार पूजा करने की स्वतंत्रता है। वह भी अपनी आस्था के अनुसार पूजा करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे विवादास्पद बयानों के कारण ही समाजवादी पार्टी का पतन हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस और बसपा पहले ही समाप्त हो चुकी हैं और अब सपा का भी यही हाल होगा। दिल्ली में भाजपा की जीत पर उन्होंने कहा कि अब दिल्ली से कूड़ा साफ कर दिया गया है और यमुना नदी भी गंगा की तरह स्वच्छ होगी।

कुंभ मेले को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वे केवल कमियां ही देखते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भीड़ के कारण लोगों से रुककर आने की अपील की गई है, न कि आने से मना किया गया है। विपक्ष के पास नकारात्मक राजनीति के अलावा कुछ नहीं बचा है। जनता ने उनसे सब कुछ छीन लिया है। केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में पुरातन संस्कृति व विरासत को संजोने का काम किया जा रहा है। प्रदेश का बहुमुखी विकास हुआ है। यही कारण है कि प्रदेश में योगी सरकार की वापसी हुई। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। भाजपा सरकार जनहित में अच्छा कार्य कर रही है।इस दौरान भाजपा नेता व उनकी पार्टी के नेता व कार्यकर्ताओं ने उनका जोशीला स्वागत किया।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

   

सम्बंधित खबर