दिल्ली पुलिस की वर्दी पहनकर घूम रहा था सिविल डिफेंस वॉलंटियर, गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
नई दिल्ली, 30 जून (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने दिल्ली पुलिस का फर्जी कांस्टेबल बनकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित दिल्ली सिविल डिफेंस का वॉलंटियर है और एसडीएम कार्यालय, नंद नगरी में तैनात था। उसके कब्जे से दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल की वर्दी भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 28 जून की रात करीब 9:40 बजे एएटीएस की गश्ती टीम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति करावल नगर थाना क्षेत्र के जवाहर नगर पिकेट के पास दिल्ली पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को पुलिसकर्मी बता रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारकर रात करीब 9:50 बजे आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपना नाम कांस्टेबल शाहरुख खान बताते हुए दावा किया कि उसकी तैनाती करावल नगर थाने में है। हालांकि पुलिस ने जब थाने से उसका सत्यापन कराया तो पता चला कि इस नाम का कोई भी पुलिसकर्मी वहां तैनात नहीं है। इसके बाद उसकी पोल खुल गई।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान शाहरुख खान (26) के रूप में हुई है। वह गांव मंडोला, लोनी, गाजियाबाद (उप्र) का रहने वाला है। जांच में सामने आया कि वह दिल्ली सिविल डिफेंस का वॉलंटियर है और एसडीएम कार्यालय, नंद नगरी में कार्यरत था। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ करावल नगर थाने में एफआईआर संख्या 171/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 204 और 205 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। उसके पास से दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल की वर्दी भी बरामद हुई है।
पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल के रूप में लोगों के सामने खुद को पेश कर रहा था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने फर्जी पहचान का इस्तेमाल किन-किन जगहों पर किया और उसका उद्देश्य क्या था। मामले की जांच जारी है।
---------------

