नगर निगम से जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रेशन की कॉपी लेना हुआ महंगा
- Admin Admin
- Mar 03, 2025

जयपुर, 3 मार्च (हि.स.)। नगर निगम में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाना महंगा हो गया है। नगर निगम आयुक्त ने एक आदेश जारी करके जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र की रजिस्ट्रेशन की अतिरिक्त कॉपी का शुल्क बढ़ाकर 50 रुपए कर दिया है। इसके साथ ही रिकॉर्ड की जांच अगर कोई करवाता है तो उसे 20 रुपए देने होंगे।
जारी आदेश के मुताबिक अब अगर कोई व्यक्ति जन्म या मृत्यु रजिस्ट्रेशन के प्रमाण पत्र की अतिरिक्त कॉपी नगर निगम से लेता है तो उसे प्रति कॉपी 50 रुपए का शुल्क देना होगा। अभी तक ये शुल्क नगर निगम में 10 रुपए प्रति कॉपी लिया जाता है। इसके अलावा कोई आवेदन अपने रिकॉर्ड की जांच करवाता है तो उसे 2 रुपए के बजाए 20 रुपए जांच शुल्क देना होगा।
इसी तरह किसी व्यक्ति की घर पर डेथ होती है या किसी बच्चे के जन्म घर पर होता है। उसकी सूचना देरी से नगर निगम में दी जाती है। उस पर भी देरी शुल्क को बढ़ाकर 100 रुपए तक कर दिया है। नए आदेश के मुताबिक जन्म-मृत्यु पंजीयन में 21 दिन से ज्यादा और 30 दिन तक की देरी होती है तो उस पर 20 रुपए, जबकि 30 दिन से ज्यादा और एक साल के अंदर रजिस्ट्रेशन करवाते है तो 50 रुपए, जबकि 1 साल से ज्यादा की देरी पर 100 रुपए शुल्क देना होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश