हमीरपुर: वृद्धावस्था पेंशन योजना के सत्यापन में बड़ा खुलासा, 904 मृतकों के खातों में जा रही थी पेंशन

अपात्र लाभार्थियों से होगी 27 लाख रुपये की रिकवरी

हमीरपुर, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में वृद्धावस्था पेंशन योजना के सत्यापन के दौरान बड़ा खुलासा सामने आया है। समाज कल्याण विभाग द्वारा कराए गए सर्वे में 904 ऐसे पेंशनधारक चिन्हित किए गए हैं जिनकी मौत हो चुकी है, लेकिन उनके खातों में लगातार पेंशन की धनराशि भेजी जा रही थी। मामले का संज्ञान लेते हुए विभाग ने ऐसे सभी लाभार्थियों की पेंशन तत्काल प्रभाव से रोक दी है तथा करीब 27 लाख रुपये की धनराशि शासन के खाते में वापस जमा कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

समाज कल्याण विभाग के अनुसार वर्तमान में जनपद के 53,943 बुजुर्ग वृद्धावस्था पेंशन का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। पात्र एवं अपात्र लाभार्थियों की पहचान के लिए समय-समय पर सत्यापन कराया जाता है। बीते दो माह पूर्व तत्कालीन जिलाधिकारी घनश्याम मीना के निर्देश पर सभी अधिकारियों की ड्यूटी लगाकर व्यापक सत्यापन अभियान चलाया गया था। इसी दौरान 904 पेंशनधारक मृत पाए गए। जांच में सामने आया कि मृतकों के परिजनों अथवा संबंधित बैंक शाखाओं द्वारा समाज कल्याण विभाग को मृत्यु की सूचना नहीं दी गई, जिसके कारण उनके खातों में पेंशन की राशि भेजी जाती रही। विभाग का कहना है कि पेंशन की धनराशि किसी नामिनी को देने का प्रावधान नहीं है। बैंक में लाभार्थी की उपस्थिति आवश्यक होती है।

कई मामलों में पेंशन की राशि खातों में ही जमा रही, जबकि कुछ मामलों में धनराशि निकाले जाने के बाद उसकी विधिक जांच की जाएगी। समाज कल्याण विभाग ने सभी संबंधित बैंक शाखाओं को मृत पेंशनधारकों के खाते, नाम एवं अन्य विवरण उपलब्ध कराते हुए शेष धनराशि शासन को वापस करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सत्यापन में कुछ अन्य अपात्र लाभार्थी भी मिले हैं, जिनसे भी नियमानुसार धनराशि की वसूली की जाएगी। इस संबंध में जिला समाज कल्याण अधिकारी हिमांशु अग्रवाल ने सोमवार को बताया कि अब तक लगभग 50 प्रतिशत धनराशि वापस कराई जा चुकी है। शेष धनराशि की वापसी के लिए संबंधित बैंकों को पत्र भेजे गए हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर