समाजवादी पार्टी टूट कर बिखरने वाली है: ओम प्रकाश राजभर

लखनऊ, 17 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में सोहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में पंचायती राज, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) के टूटने का दावा किया है। उन्होंने सपा के टूट कर बिखरने को लेकर पार्टी के कद्दावर नेता की चिट्ठी केंद्रीय गृह मंत्री को दिए जाने की बात भी जिक्र किया है।

पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र की राजनीति में दल-बदल और पार्टी नेताओं के टूटने की चर्चाओं के बीच अब उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर भी बड़ा दावा सामने आया है। यह दावा सुभासपा के अध्यक्ष एवं मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने किया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर बुधवार को पोस्ट में लिखा कि समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होगी। सपा के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को चिट्ठी सौंपी है। उन्होंने लिखा कि खनन और गोमती रिवर फ्रंट घोटाला का मास्टरमाइंड कौन है, पूरा उत्तर प्रदेश जानता है। शिकंजा कस रहा है तो सपा परेशान है।

ओम प्रकाश राजभर ने यह भी दावा किया कि महाराष्ट्र, बंगाल छोड़िए, समूची सपा, भाजपा में शामिल होने को तैयार बैठी है। वहीं ओम प्रकाश राजभर के दावे को सपा ने खोखला बताया है। पार्टी का कहना है कि उनकी हमेशा बकवास करने की आदत है।

---------------

   

सम्बंधित खबर