पिकअप वाहन से 214 किलो अवैध गांजा के साथ एक आराेपित गिरफ्तार, एक फरार

जगदलपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। जिले की नगरनार पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जाया जा रहा 214.300 किलो अवैध गांजा धनपुंजी के पास महिंद्रा पिकअप वाहन से जब्त किया है, जिसकी अनुमानित बाजार मूल्य लगभग एक करोड़ सात लाख 15 हजार रुपये आंकी गई है। इस मामले में एक आरोपित विजय पांडेय को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरा आरोपित सोनू यादव मौके से फरार हो गया।

नगरनार पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बस्तर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद महिंद्रा पिकअप वाहन (UP-52-T-2094) में दो व्यक्ति बड़ी मात्रा में गांजा लेकर ओडिशा से धनपुंजी के रास्ते जगदलपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम धनपुंजी के पास स्थित फॉरेस्ट नाका पर घेराबंदी कर सघन जांच शुरू की गई। इसी दाैरान संदिग्ध सफेद पिकअप वाहन वहां पहुंचा, जिसे पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। वाहन रुकते ही उसमें सवार एक व्यक्ति बारिश का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जबकि चालक को पुलिस ने पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपित ने अपना नाम विजय पांडेय बताया, जो उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के राजेंद्र नगर क्षेत्र का निवासी है। वहीं फरार आरोपित का नाम सोनू यादव बताया गया है। पुलिस काे वाहन की तलाशी में 9 प्लास्टिक बोरियों में कुल 105 पैकेट गांजा कुल मात्रा 214.300 किलोग्राम बरामद की गई। यह खेप अत्यंत व्यवस्थित तरीके से छिपाकर रखी गई थी, ताकि जांच के दौरान पकड़ी न जा सके। पुलिस ने मौके से गांजे के साथ महिंद्रा पिकअप वाहन, एक सैमसंग मोबाइल फोन और 700 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह गांजा ओडिशा से लाकर उत्तर प्रदेश में सप्लाई किया जाना था। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट की धारा 20 (बी) ii (सी) के तहत मामला दर्ज कर आरोपित के विरूद्ध कार्रवाई उपरांत उसे आज रविवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार आरोपित की तलाश जारी है। यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। बस्तर पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती इलाकों से होने वाली ऐसी तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

---------------

   

सम्बंधित खबर