कांकेर, 27 जून (हि.स.)। जिले के पखांजूर थाना पुलिस ने उजियारा अभियान के तहत हाथ भट्टी से निर्मित 8 बल्क लीटर अवैध महुआ शराब एवं बिक्री के 200 रुपये नगद के साथ एक आरोपित को आज शनिवार काे गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत थाना पखांजूर में अपराध क्रमांक 123/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पखांजूर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली कि पुराना बाजार पखांजूर में एक व्यक्ति बैग में अवैध महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपित सुजीत राय, निवासी पीवी-60, यशवंत नगर, पखांजूर के कब्जे से 10 लीटर क्षमता के प्लास्टिक जरीकेन में रखी 8 बल्क लीटर हाथ भट्टी से निर्मित महुआ शराब तथा बिक्री के 200 रुपये नगद बरामद किए गए।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक लिहेंद्र देवांगन, आरक्षक राकेश ध्रुव, महिला आरक्षक ममता मांडवी और नव आरक्षक इन्द्रजीत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना पुलिस की अपराध हेल्पलाइन पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
---------------

