मां विन्ध्यवासिनी की नगरी में आस्था का सागर, फाल्गुन प्रतिपदा पर उमड़ा भक्तों का हुजूम
- Admin Admin
- Feb 13, 2025

मीरजापुर, 13 फ़रवरी (हि.स.)। माघ पूर्णिमा के पावन स्नान के उपरांत फाल्गुन कृष्ण पक्ष प्रतिपदा तिथि पर भी मां विन्ध्यवासिनी के चरणों में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। लाखों श्रद्धालुओं ने माता रानी के दरबार में मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।
प्रयागराज महाकुंभ से पुण्य स्नान कर बड़ी संख्या में भक्तगण मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचे। गुरुवार को सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। दिनभर भक्तिभाव का माहौल बना रहा, और शाम होते-होते भीड़ में कुछ स्थिरता आई।
सुबह जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने धाम पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। दोपहर में राजश्री आरती के बाद जैसे ही मंदिर के कपाट खुले, भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिसे प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों ने सुव्यवस्थित रूप से नियंत्रित किया।
श्रद्धालुओं ने क्षेत्र के प्रमुख घाटों—पक्का घाट, अखाड़ा घाट और दीवान घाट पर गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी, धाम सुरक्षा प्रभारी और पुलिस बल मुस्तैदी से डटे रहे।
माघ पूर्णिमा के बाद विंध्य क्षेत्र के व्यापारी, पुरोहित और स्थानीय व्यवसायी काफी उत्साहित नजर आए। विंध्य पंडा समाज ने प्रशासन की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सराहना की।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा