नो व्हीकल डे पर बिना वाहन के कार्यालय पहुंचे अधिकारी-कर्मचारी

जोधपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। स्वच्छता सर्वेक्षण के मद्देनजर नगर निगम दक्षिण की ओर से एक दिन 'नो व्हीकल डे' रखा गया। इसके तहत मंगलवार को निगम दक्षिण के उपायुक्त, अधिकारी, इंजीनियर्स व कर्मचारी और महापौर ने ईंधन से चलने वाले वाहन का उपयोग नहीं किया। कुछ लोग साइकिल से आए तो नजदीक रहने वाले पैदल पहुंचे। महापौर सहित कई ई-रिक्शा निगम कार्यालय पहुंचे।

उपायुक्त सुनीता पंकज ने बताया कि स्वच्छता का संदेश हर स्तर पर दिया जा सकता है। आज एक दिन 'नो व्हीकल डे' रख कर हम पर्यावरण को स्वच्छ रखने का प्रयास रख रहे हैं। इसके लिए हमारे अधिकारी कर्मचारी बिना वाहन के आए हैं। यह एक अच्छी शुरुआत है। महापौर वनिता सेठ ने बताया कि स्वच्छता अभियान के तहत ही सभी ने तय किया है कि शुरुआत में महीने में एक दिन 'नो व्हीकल डे' रखा जाए। इसके तहत मंगलवार को बिना वाहन के आए हैं। धीरे-धीरे इसे आगे बढ़ाएंगे। हमारा प्रयास अगर एक दिन भी हम वाहन का उपयोग नहीं करेंगे तो इसका फायदा हमारे पर्यावरण को होगा।

नगर निगम परिसर में वर्तमान में नगर निगम उत्तर और दक्षिण दोनों चल रहे हैं। मंगलवार को नो व्हीकल डे नगर निगम दक्षिण के लिए रखा गया था। ऐसे में नगर निगम उत्तर के कर्मचारी अधिकारी अपने वाहन लेकर पहुंचे तो उन्हें निगम के दूसरे रास्ते से प्रवेश दिया गया। इससे एक निगम में नो व्हीकल डे सफल हो जाए। स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम आगामी कुछ दिनों में जोधपुर आ सकती है। इसको लेकर निगम उत्तर व दक्षिण की ओर से तैयारी की जा रही है। जागरूकता कार्यक्रम के साथ कई तरह की गतिविधियां हो रही हैं। इसी कड़ी में निगम दक्षिण पहली बार नो व्हीकल डे मनाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

   

सम्बंधित खबर