राज्यपाल ने सुनी जनता की समस्याएं, शीघ्र समाधान का दिया भरोसा

देहरादून, 9 अप्रैल (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने राजभवन में आयोजित जन मिलन कार्यक्रम के दौरान आम लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर ऊधमसिंहनगर, पौड़ी, हरिद्वार और देहरादून सहित विभिन्न जिलों से आए 15 लोगों ने पेंशन, भूमि विवाद, धोखाधड़ी, रोजगार, विकास कार्य, आर्थिक सहायता और अन्य मुद्दों से संबंधित समस्याएं रखीं।

राज्यपाल ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपस्थित शिकायत निवारण अधिकारी को निर्देश दिए कि संबंधित जिलाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को समस्याएं तत्काल प्रेषित की जाएं और उनके शीघ्र निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि यदि किसी समस्या का समाधान समय पर न हो सके, तो इसकी जानकारी राजभवन को दी जाए।

राज्यपाल ने कहा कि अधिकतर समस्याएं छोटी व सामान्य प्रकृति की हैं, जिनका समाधान समय पर न होने से आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसी समस्याओं का त्वरित और नियमानुसार निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। राज्यपाल ने आश्वस्त किया कि सभी प्रस्तुत समस्याओं का निश्चित समयावधि में समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pokhriyal

   

सम्बंधित खबर