नशीले बिस्किट खिलाकर यात्री को लूटने वाला बदमाश रंगेहाथ गिरफ्तार

नई दिल्ली, 03 जुलाई (हि.स.)। पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटने वाले एक शातिर बदमाश को जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित एक बेहोश यात्री का सामान खंगाल रहा था, तभी गश्त कर रही टीम ने उसे दबोच लिया। उसके कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन, नशीली गोलियां, कैप्सूल, नशीला पाउडर और नशीले पदार्थ मिले बिस्किट का खुला पैकेट बरामद किया गया है। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपित पहले भी इस तरह की वारदातों समेत आठ आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है।

रेलवे यूनिट के पुलिस उपायुक्त बी. भारत रेड्डी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान फिरोज खान निवासी अमरोहा (उप्र) के रूप में हुई है। पीड़ित की पहचान विशाल (24) निवासी अमरोहा के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम के गढ़ी हरसरू से गजरौला (उप्र) जा रहा था।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि 30 जून और एक जुलाई की दरम्यानी रात पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन थाना की पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम नियमित रात्रि गश्त पर थी। टीम में एएसआई पवन, हेड कांस्टेबल जयपाल, कांस्टेबल विनोद, हेड कांस्टेबल रामेंद्र और कांस्टेबल शिशराम शामिल थे।

सुबह करीब चार बजे टीम प्लेटफॉर्म नंबर-14 के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान वहां खड़ी एक यात्री ट्रेन के कोच में एक युवक बेहोशी की हालत में बर्थ पर पड़ा मिला, जबकि दूसरा व्यक्ति उसके सामान की तलाशी ले रहा था। पुलिसकर्मियों ने उससे पूछताछ की तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। संदेह होने पर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें दो स्क्रीन लॉक मोबाइल फोन बरामद हुए। साथ ही नशीले पदार्थ मिले बिस्किट का खुला पैकेट, नशीली गोलियां, कैप्सूल और अन्य संदिग्ध दवाइयां भी मिलीं। बेहोश यात्री को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जबकि आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

दोस्ती कर खिलाए नशीले बिस्किट, फिर किया सामान चोरी

पूछताछ में पता चला कि विशाल ट्रेन का इंतजार कर रहा था, तभी उसकी मुलाकात फिरोज खान से हुई। बातचीत के दौरान आरोपित ने उसे बिस्किट खाने के लिए दिए। आरोप है कि उन बिस्किटों में पहले से नशीला पदार्थ मिलाया गया था। बिस्किट खाते ही विशाल बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपित ने उसका मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। हालांकि, भागने से पहले ही संयुक्त गश्ती दल ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।

दो मोबाइल समेत नशीला सामान बरामद

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें एक मोबाइल पीड़ित विशाल का है। इसके अलावा नशीला पाउडर, नशीली गोलियां, कैप्सूल, नशीले पदार्थ मिला खुला बिस्किट पैकेट और एक कुरकुरे का पैकेट भी बरामद किया गया है। बरामद सामान को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। जांच में सामने आया कि फिरोज खान आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन और गाजियाबाद जीआरपी थानों में नशीला पदार्थ खिलाकर चोरी, चोरी का माल रखने और एनडीपीएस एक्ट समेत आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों की भी जांच कर रही है।

इस मामले में पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन थाने में एफआईआर संख्या 40/2026 भारतीय न्याय संहिता की धारा 123, 305(2) और 317(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपित को अदालत में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उसने इसी तरीके से और कितने यात्रियों को अपना शिकार बनाया है।

---------------

   

सम्बंधित खबर