रक्षाबंधन पर वृद्धाश्रम की सभी महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री ने की बड़ी घोषणा

असमः मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को मंत्री कॉलोनी में राखी बांधती महिलाएं

गुवाहाटी, 19 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने साेमवार काे वृद्धाश्रम में रहने वाली वृद्ध महिलाओं के लिए एक बड़ी घोषणा की है। उन्हाेंने इस वृद्धाश्रम में रहने वाली सभी बुजुर्ग महिलाओं को अरुणोदय योजना, राशन कार्ड, आधार कार्ड की सुविधा के साथ ही अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ देने का ऐलान किया।

सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ सरमा गुवाहाटी के सोनापुर स्थित वृद्धाश्रम पहुंचे और बुजुर्ग महिलाओं से राखी बंधवाई।

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ सरमा ने कहा कि वृद्धाश्रम में रहने वाली महिलाओं को आज से ही अरुणोदय योजना, राशन कार्ड, आधार कार्ड की सुविधा के साथ ही अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में असम के सभी वृद्ध आवास में रहने वालों को भी उक्त सभी सुविधाएं दी जाएंगी।

यहां पत्रकारों से वार्ता के दौरान राज्य में कई स्थानों में बिजली के स्मार्ट मीटर के विरोध पर मुख्यमंत्री डाॅ सरमा ने कहा कि स्मार्ट मीटर से बिल में किसी भी प्रकार की कोई वृद्धि नहीं हो सकती। उन्होंने उपभोक्ताओं से पिछले वर्ष और इस वर्ष के बिल को एक साथ मिलाकर देखने का आह्वान किया। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश से राज्य के कई हिस्सों में जों सड़कें खराब हुई हैं, दुर्गा पूजा के पहले सभी सड़कों की मरम्मत करा दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि रक्षाबंधन के पावन पर्व के मौके पर सुबह मंत्री कॉलोनी पार्क में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न हिस्सों से पहुंचीं महिलाएं एवं बच्चियों ने मुख्यमंत्री को तिलक लगाकर रक्षा सूत्र बांधा।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय / सुनील सक्सेना

   

सम्बंधित खबर