44वें दिन जिले में 36 स्थानों पर हुआ महिला संवाद, 6873 महिलाओं ने लिया हिस्सा
- Admin Admin
- May 31, 2025

फारबिसगंज/अररिया, 31 मई (हि.स.)। महिला संवाद के 44वें दिन भी अररिया जिले में 36 स्थानों पर महिला संवाद का कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें करीब 6873 महिलाओं ने हिस्सा लिया। महिला संवाद के दौरान दिखाए जाने वाली सामग्री महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए काफी प्रभावी साबित हो रहा है। इसके अलावा रंगीन लीफलेट में मुद्रित सरकारी योजनाओं की जानकारी से भी लोगों को इसे समझने में आसानी हो रही है। इससे लोगों में जागरुकता आ रही है।
उन्हें सरकारी योजनाओं को समझने और उसका लाभ उठाने में भी मदद मिल रही है। इसके अलावा महिला संवाद कार्यक्रम के दौरान महिलाओं द्वारा व्यक्त की जाने वाली आकाक्षाएं भी काफी महत्वपूर्ण होती हैं। इसके तहत उनके द्वारा सामाजिक परेशानियों को बेबाकी से रखा जा रहा है। इसके अलावा वो व्यक्तिगत समस्याओं को भी यहां रखती हैं। इन सभी आकांक्षाओं और समस्याओं की एप में एंट्री की जाती है। जिसका समाधान किया जा रहा है।
रोजगार के अभाव में बड़ी संख्या में यहां से लोगों का पलायन दूसरे शहरों में होता है। सरकार को इसे रोकने के लिए उचित प्रबंध करने की जरूरत है। इसके अलावा महिलाएं खुद के लिए रोजगार की मांग भी लगातार करती रही हैं। उनका कहना है कि अगर महिलाओं के लिए भी रोजगार की कोई व्यवस्था हो तो बहुत ही अच्छा होगा। इसके नहीं रहने से हमारी माली हालत बदतर हो रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Prince Kumar



