प्रेमानंद महाराज के जन्मोत्सव पर वृंदावन में होंगे अनेक अनुष्ठान, छह दिन चलेंगे कार्यक्रम
- Admin Admin
- Mar 17, 2025

भक्तों के दर्शन के लिए सूची जारी, अलग अलग प्रांत, शहर के भक्त करेंगे महाराजश्री के दर्शन
मथुरा, 17 मार्च(हि.स.)। वृंदावन के विश्व विख्यात आध्यात्मिक संत प्रेमानंदजी महाराज के जन्मोत्सव को लेकर केली कुंज ट्रस्ट में अनेक कार्यक्रमों की रचना की है। यह सभी आयोजन आश्रम परिसर के प्रांगण में होंगे। इसमें देश भर से बड़ी श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। देशभर से आने वाले भक्तों के लिए ट्रस्ट ने एक सूची जारी की है कि किस दिन कौन से प्रदेश के भक्त महाराज जी के दर्शन कर सकेंगे। 25 से 30 मार्च तक भक्त सूची के हिसाब से दर्शन कर सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि कि आध्यात्मिक गुरू संत प्रेमानंदजी महाराज की एक झलक पाने के लिए हर रोज हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ सड़कों पर उमड़ जाती है। इसलिए ट्रस्ट ने सूची के अनुसार दर्शन व्यवस्था की है। जिसमें 25 मार्च को मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन, हाथरस, अलीगढ़ आगरा जिले के श्रद्धालु दर्शन करेंगे, वहीं 26 मार्च को आगरा, अलीगढ़ जिले को छोड़कर उत्तर प्रदेश भर के श्रद्धालु दर्शन करेंगे। 27 मार्च को दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा और पंजाब के श्रद्धालु दर्शन करेंगे। 28 मार्च को केरल ,उत्तराखंड, असम, गोवा, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक,तमिलनाडु, तेलंगाना,हिमाचल प्रदेश, गुजरात और बिहार के श्रद्धालु दर्शन करेंगे। 29 मार्च को महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल ,मध्य प्रदेश, उड़ीसा, जम्मू कश्मीर और राजस्थान के श्रद्धालु दर्शन करेंगे। 30 मार्च को जन्मोत्सव के दिन संत समाज प्रेमानंद महाराज के दर्शन करेंगे। जन्मोत्सव के दौरान सुबह 3 बजे से 4ः15 तक कीर्तन होगा, सुबह 5ः40 से सुबह 7 बजे तक संत प्रेमानंदजी महाराज के दर्शन होंगे। दर्शन के दौरान सुबह 6 बजे मंगला आरती भी होगी। सुबह 9ः15 पर आश्रम में सिंगार आरती, सुबह 10 बजे तक कीर्तन होंगे। शाम को साढे चार बजे से साढे छह बजे तक संध्या वाणी पाठ आश्रम में होगा।
हिन्दुस्थान समाचार/महेश
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार