पूर्व प्रधानमंत्री अटलजी की पुण्यतिथि पर भाजपा कार्यालय में पुष्प अर्पित कर किया नमन

जयपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। भाजपा प्रदेश कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न श्रद्धेय स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्प अर्पित कर श्रद्धाजंलि अर्पित की गई।

भाजपा प्रदेश मंत्री पिंकेश पोरवाल ने कहा कि भारत रत्न श्रद्धेय अटल जी जन जन के नेता और सुशासन के आदर्श प्रतिमान के रूप में हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। राजनीति को लोकतांत्रिक मूल्यों से सुवासित करने वाले श्रद्धेय अटल जी भारतीय राजनीति के राजर्षि और अजातशत्रु थे। राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रदीप्त उनका संपूर्ण जीवन सभी जन-प्रतिनिधियों के साथ आमजन के लिए एक मार्गदर्शिका है। उनकी स्मृतियां हम सभी के हृदय में सदैव जीवंत रहेंगी।

श्रद्धेय अटलजी के चित्र पर जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, भाजपा प्रदेश मंत्री पिंकेश पोरवाल, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया, प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ, प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र कटारा, भाजपा प्रबुद्धजन प्रकोष्ठ के संयोजक राजेंद्र सिंह शेखावत सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित / ईश्वर

   

सम्बंधित खबर