भाजपाइयों ने खेली केसरिया होली और हिंदुत्व का दिया संदेश
- Admin Admin
- Mar 05, 2025

नैनीताल, 5 मार्च (हि.स.)। नैनीताल भाजपा ने नगर अध्यक्ष के रूप में प्रखर हिंदूवादी नेता नितिन कार्की की नियुक्ति के बहाने बुधवार को होली के त्योहार से पहले केसरिया रंग से होली खेली और नगर में हिंदुत्व के फिर से उभरने का बड़ा संदेश दिया। इस बात के निहितार्थ इसलिये भी बड़े हैं कि गत निकाय चुनाव में भाजपा हिंदुत्व के मुद्दे से दूर नजर आयी थी। यहां तक कि स्वयं नितिन कार्की के साथ ही नगर में सक्रिय अन्य हिंदूवादी संगठनों को भी इस दौरान खामोश रहना पड़ा था। दूसरे यह भी कि आगे भाजपा नये अध्यक्ष नितिन कार्की के नेतृत्व में ही 2027 में होने उत्तराखंड विधानसभा के चुनाव में जाएगी।
भाजपा द्वारा नगर मंडल अध्यक्ष के पद पर नियुक्ति को काफी समय गुजरने के बाद बुधवार को नये नगर अध्यक्ष नितिन कार्की के स्वागत अभिनंदन का पहला सार्वजनिक कार्यक्रम रखा। इस दौरान तल्लीताल धर्मशाला से मल्लीताल नैनीताल क्लब तक तीन किलोमीटर से अधिक दूरी तक बाइक रैली निकाली गयी, जिसमें खुली गाड़ी में सवार कार्की पर खासकर केसरिया रंग उड़ाया गया और पुष्पवर्षा की गयी। इसे हिंदुत्व के मुद्दे को फिर से धार देने का बड़ा संदेश माना जा रहा है। हालांकि स्वागत जुलूस में ऐसे कुछ लोगों की उपस्थिति भी प्रमुख रूप से बतायी गयी है जिनकी निकाय चुनाव में रही भूमिका पर प्रश्न उठे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी