कांवड़ यात्रा पर विपक्ष कर रहा तुष्टीकरण की घटिया राजनीति-केशव मौर्य

कौशांबी, 20 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कांवड़ यात्रा पर चल रही बयानबाज़ी को विपक्ष की तुष्टीकरण की घटिया राजनीति बताया है। उनके मुताबिक इस तरह की राजनीति का कोई भविष्य नहीं है। डिप्टी सीएम मंझनपुर के टिकरी स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित पाैधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेने शनिवार को पहुंचे थे।

उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने पौधरोपण अभियान की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ की। उन्होंने बरगद, पीपल और पाकड़ के एक साथ तीन पौधों का रोपण किया। उन्होने कहा, जनपद में 27 लाख पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है, जबकि पूरे प्रदेश में 36 करोड़ 50 लाख पौधरोपण रखा है। पेड़ नहीं होगा तो पानी नहीं बरसेगा, पेड़ नहीं लगाएंगे तो हमारे और आपके बच्चे तड़प-तड़प के मर जायेंगे। पेड़ से पर्यावरण की रक्षा होती है, एक पेड़ काटो तो सौ पेड़ लगाओ। आगे उन्होंने जनपदवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि अब एक पेड़ मां के नाम लगाना होगा। जिनकी माता हैं तो उनके नाम, नहीं हैं तो भी उनके नाम, धरती माँ, गंगा मां, शीतला मां के नाम लगाना है। जिन्हें प्रधानमंत्री आवास मिले हैं वह तो जरूर लगाएंगे। पेड़ में कोई रोग लगे तो उस रोग को दूर करने का लक्ष्य लेकर जाएं। पौधों को बचाने का प्रयास सरकार को ही नहीं हम सबको करना है।

इसके बाद उन्होंने उपस्थित लोगों को पौधों का वितरण किया। वृक्ष लगाना और वृक्ष लगाने के बाद उनको बचाना बहुत ही महत्वपूर्ण कार्य होता है। क्योंकि बड़ी संख्या में वृक्षों की कमी होने के कारण पर्यावरण की जो अनुकूलता रहनी चाहिए, अब वह प्रतिकूलता में बदल रही है। एक पेड़ जरूर लगाना है। यह पेड़ वर्तमान की भी रक्षा करेगा और भविष्य की भी रक्षा करेगा। मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस के लोगों को और विपक्ष के लोगों से यही कहूंगा, वृक्षारोपण का अभियान है, राजनीतिक विषय नहीं है। यह वर्तमान पीढ़ी के लिए भी है और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी है। उनके अंदर भी समाज के प्रति और अपने कर्तव्य को लेकर तनिक भी बोध है तो वह अपने परिवार के साथ जाकर एक पेड़ जरूर लगाए और लोगों के जीवन की रक्षा में योगदान करें। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कांवड़ यात्रा पर चल रही बयान बाज़ी को विपक्ष की तुष्टीकरण की घटिया राजनीति बताया है। उनके मुताबिक इस तरह की राजनीति का कोई भविष्य नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय / Siyaram Pandey

   

सम्बंधित खबर