हिसार : कर्मचारियों की पेंशन को काटने की साजिश कर रही सरकार : वजीर सिंह

आठवें वेतन आयोग में रिटायर कर्मचारियों को लाभ से वंचित रखने पर जताया रोष

हिसार, 15 नवंबर (हि.स.)। रिटायर्ड कर्मचारी संघ, हरियाणा की जिला हिसार की

कन्वेंशन जवाहर नगर स्थित संगठन कार्यालय में जिला प्रधान मनोहर लाल जाखड़ की अध्यक्षता

में हुई। कन्वेंशन में मंच संचालन जिला सचिव नरेश गौतम ने किया। कन्वेंशन में आठवें

वेतन आयोग में रिटायर कर्मचारियों को लाभ से वंचित रखने और डीए में महंगाई के अनुसार

बढ़ोतरी नहीं करने पर रोष जताया गया।

कन्वेंशन को संबोधित करते हुए राज्य प्रधान वजीर सिंह ने शनिवार काे कहा कि केंद्र व प्रदेश

की भाजपा सरकार में महंगाई, भ्रष्टाचार व बेरोजगारी चरम सीमा पर है। स्थाई सरकारी नौकरी

को समाप्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज महंगाई व भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने

की आवश्यकता है। शिक्षा में सुधार की जरूरत है। शिक्षा के निजीकरण पर रोक लगाई जाए।

उन्होंने कहा कि विभिन्न सरकारी विभागों में लाखों पद रिक्त होने के बावजूद स्थाई भर्ती

नहीं की जा रही है, जो युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

राज्य प्रधान ने बताया कि 25 मार्च 2025 को आठवें वेतन आयोग को लेकर लोकसभा

में एक अध्यादेश जारी किया गया कि रिटायर कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं मिलेगा। उन्होंने

कहा कि एक सरकारी कर्मचारी को 35-40 वर्षों तक सेवा देने के बाद सम्मान के साथ जीवन

व्यतीत करने के लिए एक पेंशन मिलती है, अब उसको ही काटने की साजिश रची जा रही है, जबकि

एक सांसद और विधायक को उतनी ही बार पेंशन दी जाती है जितनी बार वह चुना जाता है। यदि

वह 8 बार चुना जाता है तो उसे 8 पेंशन मिलती हैं। वहीं कर्मचारियों की एक ही पेंशन

पर डाका डाला जा रहा है।

कन्वेंशन को संबोधित करते हुए राज्य उपप्रधान ओमप्रकाश ने बताया कि संगठन द्वारा

17 दिसंबर 2025 को जिला मुख्यालय पर धरना देकर जिला उपायुक्त के माध्यम से माननीय राज्यपाल

को रिटायर कर्मचारियों की मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।

राज्य प्रधान वजीर सिंह और राज्य उपप्रधान ओमप्रकाश सैनी ने बताया कि

22-23 फरवरी 2026 को कुरुक्षेत्र में अखिल भारतीय रिटायर पेंशनर फेडरेशन का राष्ट्रीय

सम्मेलन होगा, जिसमें देशभर से करीब 500 प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन को लेकर जिला

में ब्लॉक स्तर पर कर्मचारियों से संपर्क का अभियान चलाया जाएगा। 22 फरवरी को राज्य

भर से रिटायर कर्मचारी कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे। कन्वेंशन को जगदीशचंद्र बिश्रोई, मा. जयबीर सिंह, ओमप्रकाश झाझडिय़ा, सूरज प्रकाश

भाटिया, श्योचंदराम घोड़ेला, जयसिंह, बलवंत सिंह, दीवान सैनी, कपूर सिंह बामल, तुलसी

राम, रोहताश शर्मा, अशोक अठवाल, सुभाष गुज्जर, सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान अशोक

सैनी आदि ने भी संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

   

सम्बंधित खबर