
सिरसा, 29 अप्रैल (हि.स.)। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा ने कहा कि पार्टी के स्थापना दिवस पर हर घर झंडा अभियान की शुरूआत की गई है। जसबीर जस्सा मंगलवार को पार्टी के जिला कार्यालय में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि 29 अप्रैल 1998 को चौ. देवीलाल ने इनेलो की नींव रखी थी और ओमप्रकाश चौटाला ने जनकल्याण के कार्य करते हुए इस पार्टी को सत्तारूढ़ करते हुए हरियाणा को विकसित प्रदेश बनाया था। कांग्रेस और भाजपा के दस-दस सालों के शासनकाल में हरियाणा को भेदभाव की राजनीति का शिकार बनाते हुए प्रदेश को विनाश की डगर पर ले जाया गया। इनेलो जिलाध्यक्ष जस्सा ने कहा कि पार्टी के स्थापना दिवस पर अब इनेलो के प्रत्येक कर्मठ सिपाही ने संकल्प लिया है कि वर्ष 2029 के विधानसभा चुनावों में इनेलो को फिर सत्तासीन कर हरियाणा को एक बार फिर चौधरी देवीलाल व ओमप्रकाश चौटाला के सपनों का हरियाणा बनाएंगे। इनेलो जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा के नेतृत्व में गांवों व शहरों में इनेलो का हर घर झंडा अभियान आरंभ किया गया जिसके तहत सभी जगह कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के प्रतिष्ठानों, आवासों व दुकानों पर पार्टी का झंडा लगाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma