लव जिहाद: नलबाड़ी में युवक की हत्या पर आक्रोश, दोषी को फांसी देने की आसू ने की मांग

नलबाड़ी (असम), 01 जून (हि.स.)। नलबाड़ी जिले के गंगापुर में लव जिहाद का मामला सामने आया है। इस कड़ी में लव जिहाद के मास्टरमाइंड द्वारा किए गए हमले में एक युवक की हत्या और एक युवती के गंभीर रूप से घायल होने की घटना को लेकर असम छात्र संघ (आसू) ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। रिश्ते युवक-युवती भाई-बहन बताए गए हैं। संगठन ने मृतक माधुर्य बर्मन के हत्यारे को कठोरतम् सजा देने तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि आरोपित रोज अली पर युवती को अपने प्रेम जाल में फंसाकर विवाह करने के लिए काफी समय से दबाव बनाने की कोशिश का आरोप पीड़ित पक्ष के परिजनों ने लगाया है।

आसू के अध्यक्ष उत्पल शर्मा ने आज कहा कि उनके संगठन के साथी कार्यकर्ता माधुर्य बर्मन की निर्मम तरीके से हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि इस मामले को किसी भी कीमत पर हल्के में नहीं लिया जाएगा और दोषी को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिलनी ही चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि आखिर आरोपित रोज अली के पास हत्या करने की इतनी हिम्मत कहां से मिली। साथ ही कहा कि चाहे वह कोई भी हो, उसे कठोर दंड दिया जाना चाहिए।

इस घटना के विरोध में नलबाड़ी में सड़कों पर आसू कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदर्शन किए गए। प्रदर्शनकारियों ने माधुर्य बर्मन के हत्यारे को फांसी देने की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई। आसू कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

वहीं, गंभीर रूप से घायल युवती तथा मृतक युवक की मां ने रोते हुए मीडिया के सामने आरोप लगाया कि रोज अली लंबे समय से उनकी बेटी से शादी करने के नाम पर परेशान कर रहा था। उन्होंने दावा किया कि आरोपित ने कई बार चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी थी और उन्हें तथा उनकी बेटी को भी नुकसान पहुंचाने की बात कही थी।

युवती की मां के अनुसार, उनकी बेटी जब नौवीं कक्षा में पढ़ती थी तभी से रोज अली उसे परेशान कर रहा था। लगातार उत्पीड़न के कारण उसकी पढ़ाई प्रभावित हुई और वह मानसिक रूप से भी परेशान रहने लगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रोज अली के माता-पिता ने मामले में शिकायत दर्ज नहीं कराने के लिए उनसे अनुरोध किया था और उनके सामने हाथ जोड़कर गुहार लगाई थी।

उल्लेखनीय है कि गंगापुर में हुई इस घटना में भाई की मौत हो गई, जबकि बहन गंभीर हालत में उपचाराधीन है। मामले को लेकर पूरे राज्य में आक्रोश का माहौल है और लोग दोषी के खिलाफ त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

----------

   

सम्बंधित खबर