साढ़े चार करोड़ के इंडोर स्टेडियम का सांसद जोशी ने किया अवलोकन, बोले गुणवत्तापूर्ण हो निर्माण

चित्तौड़गढ़, 8 फ़रवरी (हि.स.)। केन्द्र सरकार की खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत 4.50 करोड़ की लागत से चितौड़गढ़ के इंदिरा गांधी स्टेडियम में स्वीकृत मल्टीपरपज इंडोर हॉल का शनिवार को चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने जिला खेल अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों से बात कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण के निर्देश दिए हैं। स्टेडियम निर्माण को लेकर सांसद सीपी जोशी ने दावा किया है कि केंद्र की मोदी सरकार सदैव खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने में आगे रही है।

जानकारी के अनुसार चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी की अनुशंसा पर साढ़े चार करोड़ की लागत से इंडोर स्टेडियम का निर्माण हो रहा है। इसका भूमि पूजन एवं शिलान्यास जनवरी 2023 में पूर्व केंद्रीय केबिनेट मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने किया था। वहीं शनिवार को सांसद जोशी मल्टीपरपज इंडोर हाल के निर्माण कार्य का अवलोकन करने पहुंचे। निर्माण में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश सांसद सीपी जोशी ने दिए। उन्होंने खेल अधिकारी और निर्माण कार्य ठेकेदार से इसके बारे में विस्तार से जानकारी ली। संबंधित तकनीकी अभियंता से भी बात कर आवश्यक निर्देश दिए। सांसद जोशी ने कहा कि यह मल्टीपरपज हाल क्षेत्र के युवाओं के लिए खेल सुविधाओं का एक उत्कृष्ट केंद्र बनेगा। उन्होंने निर्माण कार्य में नवीन तकनीक और गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने सुरक्षा मानकों का पालन करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए। इसका लाभ खिलाड़ियों को शीघ्र मिल सके। हॉल में बैडमिंटन, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, जुडो, टेबल टेनिस, वेट लिफ्टिंग एवं कुश्ती जैसे खेलों के लिए चार कोर्ट बन रहे। साथ ही इंडोर हॉल में एक बैठक हाल, चेंजिंग रूम, वॉशरूम, तीन रूम भी बनाए हैं। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारीक ने बताया कि अवलोकन के दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री पिंकेश पोरवाल, डूंगरपुर जिला प्रभारी कमलेश पुरोहित, प्रदेश अध्यक्ष कार्यक्रम प्रवास प्रभारी श्रवण सिंह राव, सुधीर जैन, अविनाश शर्मा, शुभम सुखवाल, धीरज सुखवाल, निलेश बल्दवा, अभिषेक चांवला, विष्णु कुमावत, अर्जुन सिंह आदि मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

   

सम्बंधित खबर