डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण: डा.अरूण सक्सेना

लखनऊ, 23 जून (हि.स.)। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस के अवसर पर उनकी राष्ट्रसेवा, एकात्मकता एवं जनकल्याण के आदर्शों को स्मरण करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को काल्विन तालुकेदार कॉलेज, लखनऊ में वन मंत्री डा.अरूण सक्सेना ने अशोक का पौधा रोपित किया।

पौधरोपण के उपरान्त वन मंत्री तथा समस्त उपस्थित लोगों ने अलीगंज, लखनऊ में अग्निकांड में जान गवाने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कहा कि हमारी सरकार दोषियों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही करेगी तथा घायलों को हर सम्भव सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।

मुख्य अतिथि डा.अरूण सक्सेना ने पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिकाधिक वृक्षारोपण करने, रोपित पौधों की देखरेख, सिंचन व सुरक्षा का संकल्प दिलाया। मंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रीय हित के प्रति समर्पण एवं सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने अवध वन प्रभाग, लखनऊ के सुरक्षा कर्मियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि उप्र. के प्रधान मुख्य वन संरक्षक और विभागाध्यक्ष सुनील चौधरी ने अशोक का पौध रोपित करने के उपरान्त कार्यक्रम का उद्देश्य व महत्व पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि व विशिष्ट की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक, लखनऊ मण्डल, लखनऊ, डॉ. रेणु सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी, अवध वन प्रभाग, लखनऊ सितांशु पाण्डेय सहित वन विभाग के अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में लखनऊ वासियों ने प्रतिभाग किया।

------------

   

सम्बंधित खबर