'सहकार से समृद्धि–सहकारिता सप्ताह ' के अंतर्गत 10,000 पौधे लगाने का लक्ष्य : रविंद्र इंद्राज
- DSS Admin
- Jul 04, 2026
नई दिल्ली, 04 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के समाज कल्याण एवं सहकारिता मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने 'सहकार से समृद्धि – सहकारिता सप्ताह ' के अंतर्गत शनिवार को ग्राम धूलसीरस द्वारका में पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया। अभियान के दौरान दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 10,000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर वार्ड द्वारका-सी की निगम पार्षद सुनीता रामनिवास पहलवान, सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण प्रदान करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक यदि पर्यावरण संरक्षण को अपना दायित्व मानते हुए एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो दिल्ली को अधिक हरित एवं प्रदूषण-मुक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि 'सहकार से समृद्धि – सहकारिता सप्ताह ' के अंतर्गत दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 10,000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। नरेला, द्वारका, रोहिणी सहित विभिन्न क्षेत्रों तथा वन विभाग द्वारा चिन्हित अन्य स्थानों पर भी इस अभियान के तहत पौधरोपण किया जाएगा। इस अभियान में सहकारी संस्थाओं, स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवी संगठनों एवं विभागीय अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने इस वर्ष राजधानी में 70 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनभागीदारी और विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से दिल्ली के हरित आवरण में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'सहकार से समृद्धि' के विजन तथा केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन से प्रेरित होकर दिल्ली सरकार सहकारिता को जन-आंदोलन बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी लोगों को जागरूक कर रही है।
'सहकार से समृद्धि–सहकारिता सप्ताह 2026' के अंतर्गत वृक्षारोपण अभियान के साथ-साथ जन-जागरूकता कार्यक्रम, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन क्विज प्रतियोगिताओं तथा अन्य जनसहभागिता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सप्ताह का समापन 6 जुलाई को आयोजित भव्य समारोह के साथ होगा, जिसमें सहकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
---------------

