प्रधानमंत्री मोदी इंडोनेशिया में रामायण का कठपुतली मंचन देख प्रभावित
- DSS Admin
- Jul 07, 2026
जकार्ता (इंडोनेशिया), 07 जुलाई (हि.स.)। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी तीन देशों की यात्रा के प्रथम चरण में इंडोनेशिया पहुंचे हैं। इंडोनेशिया पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। उनके सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वो छह जुलाई को रामायण का कठपुतली मंचन देख कर खासे प्रभावित हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने रामायण पर केंद्रित वेयांग कुलित की इस प्रस्तुति की खासतौर पर प्रशंसा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, '' इंडोनेशिया की बहुमूल्य छाया कठपुतली परंपरा वेयांग कुलित का मनमोहक प्रदर्शन देखा, जिसने रामायण की कालजयी कहानी को जीवंत कर दिया। यह एक मार्मिक अनुस्मारक था कि कैसे हमारी साझा सभ्यतागत विरासत अपने शाश्वत मूल्यों को संरक्षित करते हुए, सुंदर स्थानीय अभिव्यक्तियों को लेते हुए, समुद्र और पीढ़ियों के पार यात्रा करती रही है। प्रदर्शन के लिए टीम, जिसे गणेश के नाम से जाना जाता है, को मेरी बधाई। ''
प्रधानमंत्री ने अलग-अलग पोस्ट में सांस्कृतिक कार्यक्रम की शृंखला का जिक्र किया। उन्होंने लिखा, ''विहारा धर्म रत्न ग्रुप के कलाकारों की 'होमेज टू द ट्रिपल जेम 'की प्रस्तुति असाधारण रही। इसमें भगवान बुद्ध की शाश्वत शिक्षाओं और 'ट्रिपल जेम ' में निहित गहरे मूल्यों की झलक मिलती है। यह देखकर बहुत अच्छा लगता है कि इंडोनेशिया के लोग बौद्ध धर्म की समृद्ध विरासत को इतने जोश के साथ संजो रहे हैं और उसका जश्न मना रहे हैं। ''
उन्होंने कहा, ''जकार्ता में मुझे समन्वय समूह की भरतनाट्यम की शानदार प्रस्तुति देखने का सुखद अनुभव मिला। यह देखकर बहुत खुशी होती है कि इन अनमोल परंपराओं को इतनी निष्ठा और उत्कृष्टता के साथ संजोया और प्रस्तुत किया जा रहा है। '' प्रधानमंत्री ने लिखा, जकार्ता में भारतीय समुदाय से मिले गर्मजोशी भरे स्वागत से वो बहुत प्रभावित हुए। लोगों का स्नेह और भारत की प्रगति के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता प्रेरणादायक है।
---------------

