बलरामपुर : पीएम स्वनिधि योजना से भागवत गुप्ता के व्यवसाय को मिली नई रफ्तार

बलरामपुर, 22 जून (हि.स.)।प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे कारोबारियों और रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों के लिए आर्थिक संबल बनकर उभर रही है। जिले के विकासखंड बलरामपुर अंतर्गत ग्राम झलपी निवासी भागवत गुप्ता की सफलता की कहानी इस योजना के सकारात्मक प्रभाव को दर्शाती है। योजना से मिली आर्थिक सहायता ने उनके छोटे व्यवसाय को विस्तार देने के साथ-साथ परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत किया है।

भागवत गुप्ता वर्षों से सब्जी विक्रेता के रूप में कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। सीमित पूंजी के कारण वे पहले पर्याप्त मात्रा में सब्जियों की खरीद नहीं कर पाते थे, जिससे उनकी आय भी सीमित रहती थी। कई बार परिवार के दैनिक खर्चों का प्रबंधन करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण हो जाता था।

भागवत ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने आवेदन किया। पात्रता के आधार पर उन्हें योजना के तहत 25 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। प्राप्त राशि का उपयोग उन्होंने व्यवसाय में पूंजी बढ़ाने, अधिक मात्रा में सब्जियों की खरीद करने और कारोबार का दायरा बढ़ाने में किया।

उन्होंने बताया कि अब वे पहले की तुलना में अधिक मात्रा में सब्जियां खरीदकर बिक्री कर पा रहे हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हुई है और परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करना आसान हो गया है। बढ़ती आय के साथ उनका व्यवसाय भी लगातार मजबूत हो रहा है।

भागवत गुप्ता का कहना है कि सीमित पूंजी के कारण व्यवसाय को आगे बढ़ाना मुश्किल था, लेकिन प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से मिली सहायता ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद लोगों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन ला रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों के लिए आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम साबित हो रही है और ऐसे अनेक लोगों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही है।

   

सम्बंधित खबर