प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा विश्व भारत की बात सुनता है : जेपीएस राठौर

सम्मेलन में मौजूद एमएलसी अनूप सिंह जिला अध्यक्ष अरविंद गुप्ता विधायक विनोद शंकर अवस्थी सहित अन्य अन्य पदाधिकारी

-- भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग सम्पन्न, कार्यकर्ताओं को मिले सोशल मीडिया और संगठन के गुरुमंत्र

लखीमपुर खीरी, 18 मई (हि.स.)। गोला गोकर्णनाथ के शहनाई गेस्ट हाउस के कुंज बिहारी राठी सभागार में भाजपा का दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग सोमवार को सम्पन्न हो गया। जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस वर्ग के दूसरे दिन पार्टी के वरिष्ठ वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को मीडिया प्रबंधन, आईटी, सोशल मीडिया और देश के समक्ष चुनौतियों जैसे तकनीकी व वैचारिक विषयों पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।

प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों को सम्बोधित करते हुए प्रदेश के सहकारिता राज्य मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा विश्व भारत की बात सुनता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन में क्षमतावान लोगों को जोड़ने का आह्वान किया। वहीं, प्रदेश उपाध्यक्ष व एमएलसी पद्मसेन चौधरी ने व्यावहारिक सत्र में कहा कि प्रशिक्षण से सामाजिक व राजनीतिक चेतना जागती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गरीब तक पहुंचाने की अपील की। वैचारिक सत्र में 'कमल ज्योति' के संपादक राजकुमार ने कहा कि भाजपा एक परिवार है, जहां मूल सिद्धांत कभी नहीं बदलते।

समापन सत्रों में प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने मीडिया प्रबंधन के गुर सिखाते हुए सभी समाचार माध्यमों को समान महत्व देने की बात कही। आईटी सहसंयोजक अभिषेक तिवारी ने नमो ऐप व सरल ऐप की उपयोगिता बताते हुए नेताओं व कार्यकर्ताओं को इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय होने की सलाह दी। विधायक व पूर्व जिलाध्यक्ष लोकेंद्र प्रताप सिंह ने देश के समक्ष चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 2014 के बाद देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं और अंत्योदय योजनाओं से हर वर्ग का विकास हो रहा है।

शिविर में डॉ. गौरव सिंह के नेतृत्व में चिकित्सा कैंप और जिले के इतिहास व साहित्य पर आधारित एक भव्य प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। इस अवसर पर विधायक रोमी साहनी, मंजू त्यागी, पूर्व मंत्री डॉ. वीरेंद्र तिवारी, अनूप गुप्ता सहित जिले के सभी ब्लॉक प्रमुख, मंडल अध्यक्ष और भारी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर