घरेलू विवाद में पति ने की पत्नी की हत्या, 24 घण्टे के अंदर गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 29, 2026
रायगढ़, 29 जून (हि.स.)। जिले की थाना कापू पुलिस ने पत्नी की हत्या के आरोपित पति को घटना के 24 घंटे के भीतर आज साेमवार काे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
थाना कापू पुलिस को 28 जून की सुबह ग्राम पारेमेर में एक महिला की हत्या की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कापू उप निरीक्षक इगेश्वर यादव पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पहुंचे। मौके पर जीतो बाई मंझवार (43 वर्ष) का शव उसके घर में मिला। पुलिस द्वारा मौके पर मर्ग पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया तथा चिकित्सक से शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त की गई।
मर्ग जांच एवं प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर मृतिका के पति रामनाथ मंझवार द्वारा हत्या किया जाना पाए जाने पर थाना कापू में अपराध क्रमांक 104/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि गिरफ्तारी से बचने आरोपित गांव से फरार होने की तैयारी में है। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपित रामनाथ मंझवार (उम्र 50 वर्ष) निवासी ग्राम पारेमेर, थाना कापू को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपित ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि घटना की रात पत्नी के साथ मामूली विवाद हुआ था। बीते रात खाना पीना के बाद जीतो बाई आंगन में सो गई थी जिसे रामनाथ ने घर अंदर जाकर सोने बोला, जीतो बाई के नहीं जाने पर झगड़ा विवाद कर पहले हाथ मुक्के से मारपीट किया फिर लकड़ी के डंडे से हमला किया तथा उसकी मृत्यु हो गई।
आरोपित के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा एवं घटना के समय पहने हुए कपड़े विधिवत ई-साक्ष्य एवं वीडियोग्राफी के साथ जब्त किए गए। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से आज उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
---------------

