फर्रुखाबाद में मुख्य आरक्षी के घर से लाखों की चोरी, पीड़ित का रिपोर्ट न लिखने का आराेप

फर्रुखाबाद, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में पुलिस विभाग में तैनात मुख्य आरक्षी के आवास पर

लाखों की चोरी का मामला प्रकाश में आया है। मामले में पीड़ित मुख्य आरक्षी ने थाना पुलिस पर जांच के बाद रिपाेर्ट न लिखने का आराेप लगाया है।

जनपद मैनपुरी थाना एलाऊ के ग्राम हबीलिया के मूल निवासी आलाेक कुमार जाटव पुलिस विभाग में मुख्य आरक्षी के पद पर कार्यरत हैं।उन्हाेंने फर्रुखाबाद जनपद में तैनाती के चलते एक वर्ष पूर्व थाना मऊदरवाजा के ग्राम अजमतपुर रोड पर सिद्धार्थ कान्वेंट स्कूल के निकट मकान बनवाया है। मुख्य आरक्षी आलोक कुमार की पत्नी रूपा देवी चार बच्चों एवं परिजनों के साथ 17 जून को खाटू श्याम के दर्शन करने जयपुर गए थे। परिजन सोमवार को घर वापस लौटे ताे कमराें में सामान बिखरा था और अलमारी से नकदी व जेवरात गायब थे।

पीड़ित मुख्य आरक्षी ने बताया कि जांच में पता चला है कि चाेर 27 जून की रात में गेट का ताला तोड़कर घर के अंदर घुस गए। चोरों ने तीन कमरों के ताले तोड़े और कमरे में रखी अलमारी में पैरों से टक्कर मारकर लाॅक तोड़ दिया, इसी दौरान चोर के जूते के निशान अलमारी पर छप गए।उन्हाेंने बताया कि घटना वाली रात कोतवाली कायमगंज क्षेत्र की पीआरबी की नाइट ड्यूटी करने गए थे। पीड़ित आलोक कुमार सुबह करीब 10 बजे घर पहुंचे तो मेन गेट का ताला गायब देखकर टेंशन में आ गए। अंदर घर का नजारा देखकर परेशान हो गए। टूटी अलमारी के साथ कमरे में रखे बड़े बक्सा एवं दूसरे कमरे में रखे बक्से का सामान फैला हुआ था। चोर जाते समय ताला काटने वाले लंबे कटर को पड़ोस में फेंक गए थे।

पीड़ित आलोक कुमार की सूचना पर डायल 100 पुलिस के अलावा मेडिकल चौकी पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम में जांच पड़ताल करने पहुंची और

कटर को फॉरेंसिक टीम अपने साथ ले गई। पीड़ित की पत्नी रूपा देवी ने बताया की चोर जेवरातों में सोने की दो अंगूठी, चेन, दो नाक की बेसर, एक जोड़ी झुमकी, 2 जोड़ी पायलें, मंगलसूत्र, कमर की करधनी एवं लड़कियों की तीन जोड़ी तोड़ियां थीं, जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये कीमती जेवरात एवं 35 हजार की नकदी ले गए हैं।

घटना से संबंधित तीन संदिग्ध चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। घटनास्थल के निकट रहने वाला युवक ने रात करीब 1.30 बजे सड़क पर तीन लड़कों को देखा था। तीनों युवक बाइक पर सवार होकर बाईपास की ओर चले गए थे। पीड़ित मुख्य आरक्षी आलोक कुमार ने बताया कि उसने पुलिस को तहरीर दे दी थी लेकिन अभी तक रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी नहीं मिली है।

उन्होंने बताया कि अभी तक थानाध्यक्ष एवं अन्य किसी अधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण नहीं किया है। मामले में थानाध्यक्ष अजब सिंह ने साेमवर काे बताया की घटना कि जांच की जा रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर