रायगढ़ : लूट की दो वारदातों में शामिल दो आरोपित गिरफ्तार

रायगढ़, 13 जून (हि.स.)। कोतवाली पुलिस ने लूटपाट की दो अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए जोगीडीपा क्षेत्र के दो बदमाश प्रवृत्ति के युवकों को गिरफ्तार कर आज शनिवार काे न्यायिक रिमांड पर भेजा है।

गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान सन्नी उर्फ प्रकाश कुमार सारथी एवं शाहीद सारथी के रूप में हुई है। दोनों आरोपिताें द्वारा 10 जून की रात अलग-अलग स्थानों पर दो व्यक्तियों से लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दिया गया था।

पहली घटना में पीड़ित किशन साहू उम्र 27 वर्ष निवासी चांदमारी ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 जून की रात वह अपने मित्र समीर यादव के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक एचआर-10-9190 से केवड़ाबाड़ी से मधुबनपारा जा रहा था। रात करीब 10 बजे जोगीडीपा गंगाराम तालाब के पास सन्नी उर्फ प्रकाश सारथी अपने साथी शाहीद सारथी के साथ मोटरसाइकिल से सामने आकर रास्ता रोक लिया। दोनों ने गाली-गलौज करते हुए किशन साहू की जेब से 200 रुपये जबरन निकाल लिए तथा उसकी मोटरसाइकिल छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपिताें ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस दौरान सन्नी सारथी ने अपने पास रखे चाकू से हमला किया और पीड़ित की मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गया।

दूसरी घटना में इंदिरानगर स्थित बाबा बिरयानी के पास रहने वाले अभिषेक नागराज उम्र 25 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 जून की रात लगभग 11:45 बजे वह केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड से अपने घर लौट रहा था। घर के पास गली में स्थित बोरिंग के समीप सन्नी उर्फ प्रकाश सारथी अपने साथी शाहीद सारथी के साथ एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से पहुंचे और चाकू दिखाकर पैसों की मांग करने लगे। पैसे नहीं होने की बात कहने पर दोनों ने अभिषेक के साथ मारपीट की और उसकी जेब में रखा पाेकाे सी 75 5जी मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में आरोपिताें की पतासाजी के लिए टीम गठित की गई। कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए दबिश दिया गया। शुक्रवार काे आरोपिताें को मुखबिर सूचना पर उनके घर पर दबिश देकर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपिताें ने दोनों लूट की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपिताें के मेमोरेंडम कथन के आधार पर आरोपित प्रकाश कुमार सारथी से घटना में प्रयुक्त लोहे का चाकू एवं लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की गई, जबकि आरोपित शाहीद सारथी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन जब्त किया गया।

आरोपिताें के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध बीएनएस के तहत कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

---------------

   

सम्बंधित खबर