भाजपा कार्यकर्ताओं को फायदा पहुंचाने के लिए जानबूझ कर लीक किए जा रहे हैं पेपर : बंबर ठाकुर

मंडी, 22 जून (हि.स.)। पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष बंबर ठाकुर ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को फायदा पहुंचाने के लिए जानबूझकर नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक किए जा रहे हैं। मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए बंबर ठाकुर ने कहा कि 2014 के बाद से अब तक 93 बार पेपर लीक हो चुके हैं।

उन्होंने कहा कि जहां-जहां पर भाजपा की सरकारें हैं वहां पर पेपर लीक के मामले सामने आए हैं। बंबर ठाकुर ने कहा कि 2016, 2017, 2021, 2024 और 2026 में पेपर लीक की घटनाएं हुई है, और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार आंखें मूंदे बैठी है। जबकि बच्चे फांसी लगाकर आत्महत्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मंडी जिला के सभी विधानसभा क्षेत्रों में पंचायत स्तर पर शैक्षिक संस्थानों में जाकर बच्चों से मिलकर संवाद करेगी, और उन्हें जागरूक करेगी कि निराशा की स्थिति में आत्महत्या जैसे कदम नहीं उठाने चाहिए।

बंबर ठाकुर ने कहा कि नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बच्चों के अभिभावकों की ओर से ऐजुकेशन लोन लिया जाता है। मगर पेपर लीक होने के बाद वे कर्ज के बोझ तले दब जाते हैं और बच्चे ऐसे कदम उठाते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि जिन भी बच्चों के अभिभावकों ने इस तरह की तैयारियों के लिए ऐजुकेशन लोन लिया है, उसे तुरंत माफ किया जाए। वहीं पर उन्होंने मंडी से संबंध रखने वाले पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से सवाल किया है कि वे और उनकी टीम कब नीट पेपर लीक मामले पर माफी मांगेंगे और राज्यपाल महोदय को ज्ञापन देंगे।

बंबर ठाकुर ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पेपर लीक के प्रधान हैं। इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मामले में उन्हें कुछ नहीं कहते हैं और न ही उन्हें पद से हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को लाभ देने वालों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कभी नहीं हटाएंगे। पेपर लीक के बहाने अब तक अरबों रूपया इक्टठा किया गया है। जबकि नौजवान अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि कितनी बार प्रजातंत्र को तानाशाही, वोट चाेरी कर अपमानित किया जाएगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर