प्रधान और किसान एकजुट होकर ग्राम प्रधान संगठन को मजबूत बनाएं : राकेश टिकैत

मुरादाबाद, 20 जनवरी (हि.स.)। प्रधान और किसान एकजुट होकर ग्राम प्रधान संगठन को मजबूत बनाएं। ग्राम प्रधानों द्वारा अपनी ग्राम पंचायतों को मॉडल बनाना चाहिए जिसके अच्छे परिणाम सामने आएंगे। यह बातें मंगलवार शाम को मुरादाबाद जनपद की बिलारी विधानसभा स्थित ढकिया नरू गांव में 51 फीट ऊंची प्रतिमा वाले चौधरी चरण सिंह स्मारक स्थल पर ग्राम प्रधान संगठन की ओर से प्रधान किसान एकता महासम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहीं।

राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने आगे कहा कि देश के कई राज्यों में प्रधानों ने अपने प्रयासों से जो गांव मॉडल और आर्गेनिक बनाए हैं, उन्हें दूसरे क्षेत्र के लोग देखने जाते हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान और उनकी पूरी कमेटी गांव के साथ अपने स्कूल को भी मॉडल बनाएं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि बच्चों के नाम से एक पेड़ जरूर लगाएं। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव के माहौल में प्रधान पद प्रत्याशी ज्यादा खर्चे न करें।

ग्राम प्रधान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र सिंह ने कहा कि किसान संगठन का साथ मिलने से देश भर में ग्राम पंचायतें भी मजबूत होंगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि प्रधानों की जायज मांगों को सरकार से पूरा कराने में भाकियू टिकैत का पूरा सहयोग मिलेगा।

महासम्मेलन की अध्यक्षता ग्राम प्रधान संगठन के पूर्वी यूपी के अध्यक्ष घनश्याम यादव और संचालन प्रधान संगठन के प्रदेश प्रवक्ता सुनील लाठर पूर्व प्रधान हरोरा ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

   

सम्बंधित खबर