प्रयागराज पुलिस ने दहेज हत्या का किया खुलासा, हिरासत में बाल अपचारी पति
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
वैज्ञानिक साक्ष्यों से सुलझा मामला
प्रयागराज, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले की बारा थाना पुलिस ने दहेज हत्या के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए 17 वर्षीय वांछित बाल अपचारी पति को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और लगातार की गई जांच के आधार पर घटना का पर्दाफाश किया।
पुलिस के अनुसार, 13 जून 2026 को घूरपुर क्षेत्र निवासी शिवशंकर पांडेय ने अपनी पुत्री रंजना के लापता होने और ससुराल पक्ष पर उसे प्रताड़ित कर गायब करने का आरोप लगाते हुए बारा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। जांच के दौरान फतेहपुर जिले के खागा क्षेत्र में मिले अज्ञात महिला के शव की पहचान रंजना के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों जिलों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए जांच को आगे बढ़ाया।
तकनीकी विश्लेषण, सीडीआर, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बाल अपचारी पति को चिल्ला गौहानी क्षेत्र से अभिरक्षा में लिया। विवेचना के दौरान मामले में हत्या, साक्ष्य छिपाने और दहेज प्रताड़ना सहित अन्य धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई है।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि कमिश्नरेट पुलिस गंभीर अपराधों के खुलासे के लिए वैज्ञानिक जांच, तकनीकी साक्ष्यों और पेशेवर पुलिसिंग को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी विश्लेषण और विभिन्न जिलों के बीच समन्वय स्थापित कर घटना का सफल अनावरण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध और दहेज उत्पीड़न के मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार राय, महिला उपनिरीक्षक रीतु तिवारी, उपनिरीक्षक दीपक कुमार वर्मा सहित थाना बारा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------

