भागलपुर, 17 जून (हि.स.)। नाला उड़ाही का कार्य पूरा कराने के बावजूद कई महीनों से भुगतान नहीं किया जाने को लेकर बुधवार को सफाईकर्मियों का ग़ुस्सा फूट पड़ा। सभी सफाईकर्मी नगर निगम पहुंचे और प्रदर्शन करने लगे।
नगर आयुक्त से मुलाकात नहीं होने पर सफाईकर्मियों के तेवर और कड़े हो गए। जिसके बाद कर्मियों ने नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन कर रहे सफाईकर्मियों का कहना था कि प्री-मानसून तैयारी के तहत नालों की सफाई और उड़ाही का काम उनसे कराया गया था।
इसके लिए विशेष रूप से बुलाकर विभिन्न क्षेत्रों में कार्य लिया गया, लेकिन काम पूरा होने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया है। उनका कहना था कि पिछले तीन महीनों से उन्हें राशि जारी करने का आश्वासन दिया जा रहा है, जबकि अभी तक भुगतान नहीं हुआ है। अपनी मांगों पर सुनवाई नहीं होने से नाराज सफाईकर्मी नगर निगम के मुख्य प्रवेश द्वार पर बैठ गये और नारेबाजी शुरू कर दी।
कुछ समय तक निगम परिसर में विरोध प्रदर्शन चलता रहा। सफाईकर्मियों ने बकाया राशि का जल्द भुगतान करने की मांग करते हुए निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जतायी। स्थिति को देखते हुए नगर निगम के कर्मियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।
अधिकारियों की ओर से जल्द भुगतान प्रक्रिया पूरी कराने का भरोसा दिलाया गया। आश्वासन मिलने के बाद सफाईकर्मी शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त कर अपने-अपने घर लौट गये।
---------------

