प्रधानमंत्री पर की गई टिप्पणी काे लेकर भाजपा ने जिला मुख्यालयों पर किया विरोध प्रदर्शन
- DSS Admin
- May 15, 2026
लखनऊ, 15 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने समाजवादी पार्टी के सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति की गई आपत्तिजनक एवं अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर व्यापक विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी की महिला पदाधिकारी, महिला जनप्रतिनिधियों एवं महिला कार्यकर्ताओं ने सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के विरुद्ध जोरदार प्रदर्शन कर आक्रोश व्यक्त किया। राजधानी लखनऊ में भी कलेक्ट्रेट के सामने भाजपा महिला मोर्चा की ओर से विधान प्रदर्शन किया गया।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय राय ने बताया कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध की गई अमर्यादित बयान के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। समाजवादी पार्टी के नेताओं की अमर्यादित भाषा और अराजक राजनीतिक संस्कृति के विरुद्ध लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के 140 करोड़ नागरिकों की आशाओं, विश्वास और आत्मगौरव के प्रतीक हैं। उनके प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है, बल्कि देश की जनता का भी अपमान है। जनता ऐसे अहंकारी और अमर्यादित आचरण का उचित जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

