बच्चों को बेहतर शिक्षा और गुणवत्तापूर्ण मिड डे मील उपलब्ध कराना प्राथमिकता : अभिनव जे. जैन

कानपुर, 19 मई (हि.स.)। बच्चों को बेहतर शिक्षा, स्वच्छ वातावरण और गुणवत्तापूर्ण मिड डे मील उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। विद्यालयों में पढ़ाई के साथ बच्चों की मूल सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यह बात मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने मंगलवार को निपुण भारत मिशन के तहत विद्यालयों के दौरे के दौरान कही।

मुख्य विकास अधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय लोधवा खेड़ा, प्राथमिक विद्यालय कटरी शंकरपुर और उच्च प्राथमिक विद्यालय शंकरपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों की पढ़ाई परखी। बच्चों से किताब पढ़वाई गई और ब्लैकबोर्ड पर सवाल हल कराए गए। भाषा और गणित की क्षमता का भी परीक्षण किया गया।

उच्च प्राथमिक विद्यालय शंकरपुर में सीडीओ बच्चों के बीच बैठकर मिड डे मील खाया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और पोषण स्तर की जांच की तथा बच्चों से भोजन और विद्यालय की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। इस दौरान छात्र उपस्थिति पंजिका, शिक्षकों की उपस्थिति और बच्चों की कापियों का जायजा लिया गया। शिक्षकों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक बच्चे की प्रगति पर नियमित नजर रखी जाए और कापियों की जांच समय से सुनिश्चित की जाए।

प्राथमिक विद्यालय कटरी शंकरपुर में विद्यालय परिसर, कक्षाओं और शौचालयों की साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई। साथ ही स्मार्ट क्लास, प्रोजेक्टर और अन्य डिजिटल माध्यमों के उपयोग का भी जायजा लिया गया। इस दौरान बीएसए सुरजीत कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

   

सम्बंधित खबर