डराने-धमकाने और जमीन कब्जाने के आरोप में तृणमूल नेता सुब्रत घोष समेत तीन गिरफ्तार
- DSS Admin
- May 18, 2026
पूर्व बर्धमान, 18 मई (हि. स.)। जिले में पुलिस ने लोगों को डराने-धमकाने और जमीन कब्जाने के आरोप में तृणमूल नेता समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान तृणमूल जिला सचिव सुब्रत घोष, युवा नेता राजीव दास और उनके एक सहयोगी संजय मंडल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, इन सभी पर इलाके के लोगों को डराने-धमकाने, दबाव बनाने और एक महिला की पुश्तैनी जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपित उस जमीन पर क्लब बनाने की योजना बना रहे थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें अदालत में पेश किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपितों से पूछताछ जारी है।
इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। खबर लिखे जाने तक तृणमूल की ओर से इन आरोपों पर अभी तक आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
---------------

