लोक निर्माण मंत्री ने मंडी के कोटली क्षेत्र में किए 12 करोड़ रुपए की विकास योजनाओं के लोकार्पण

मंडी, 28 जून (हि.स.)। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज मंडी सदर उपमंडल की ग्राम पंचायत कोट तुंगल के कून का तर में लगभग 1208.75 लाख रुपए की लागत से निर्मित विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को समर्पित किया। मंत्री ने 825 लाख रुपए की लागत से व्यास नदी पर निर्मित बेली सस्पेंशन ब्रिज का शुभारंभ किया। वर्ष 2023 की भीषण प्राकृतिक आपदा के दौरान व्यास नदी में आई बाढ़ में यह पुल बह गया था। नए पुल के निर्माण से जोगिंदर नगर, मंडी सदर तथा द्रंग विधानसभा क्षेत्र के लाखों लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।

इस अवसर पर उन्होंने 275.97 लाख रुपये की लागत से निर्मित 5.500 किलोमीटर जबलाही नाला–बरनोटा–कड़कोह सड़क का भी उद्घाटन किया। इसके अतिरिक्त 107.75 लाख रुपए की लागत से निर्मित दो किलोमीटर राष्ट्रीय उच्च मार्ग 003से सताहन सड़क का भी शुभारंभ किया।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास, बेहतर सड़क संपर्क, परिवहन सुविधाओं के विस्तार तथा रोजगार सृजन के लिए निरंतर कार्य कर रही है और जनहित से जुड़े सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कून से जोगिंद्रनगर सड़क के उन्नयन के लिए नई विस्तृत परियोजना रिपोर्ट डीपीआर तैयार की जाएगी, जिसके आधार पर सड़क निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर एवं सुरक्षित सड़क सुविधा उपलब्ध हो सके।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि मंडी–जोगिन्दरनगर वाया कोटली मार्ग पर सभी बस सेवाएं शीघ्र पुनः आरंभ की जाएंगी। इसके लिए स्थानीय प्रशासन एवं हिमाचल पथ परिवहन निगम को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क को सुदृढ़ करने तथा आधुनिक आधारभूत ढांचे के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित होगी। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने के लिए गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित किए जा रहे हैं तथा समयबद्ध तरीके से परियोजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को सड़कों के नियमित रखरखाव, मरम्मत और यातायात सुरक्षा से जुड़े कार्यों में भी पूरी गंभीरता बरतने के निर्देश दिए हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर