लाहौर में ट्यूशन सेंटर की छत गिरने से 14 बच्चों की मौत, कई घायल

लाहौर, 30 जून (हि.स.)। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की राजधानी लाहौर में मंगलवार को एक निर्माणाधीन ट्यूशन सेंटर की छत गिरने से कम से कम 14 स्कूली बच्चों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी फैसल कमरान ने बताया कि हादसे के बाद राहत एवं बचाव दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का अभियान शुरू किया। आशंका है कि मलबे के नीचे अब भी कुछ बच्चे फंसे हो सकते हैं।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, ट्यूशन सेंटर एक पुराने भवन में संचालित किया जा रहा था। भवन की निर्माणाधीन दूसरी मंजिल की छत अचानक ढह गई। अधिकारियों का मानना है कि घटिया निर्माण सामग्री और खराब गुणवत्ता इस हादसे का प्रमुख कारण हो सकती है।

घटना के बाद पुलिस ने ट्यूशन सेंटर के मालिक और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृत बच्चों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही उन्होंने भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए भवन सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

-----------------------

   

सम्बंधित खबर