अफगानिस्तान में हथियारों की जब्ती से पाकिस्तान के सीमा पार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश
- DSS Admin
- May 23, 2026
इस्लामाबाद/काबुल, 23 मई (हि.स.)। अफगानिस्तान-पाकिस्तान सीमा क्षेत्र में हाल में हथियारों की खेप पकड़े जाने की घटनाओं ने दोनों देशों के बीच पहले से मौजूद तनाव और अविश्वास को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अफगान सुरक्षा बलों ने सीमा क्षेत्रों में कार्रवाई के दौरान कथित तौर पर पाकिस्तान की ओर से लाई जा रही हथियारों की खेप को जब्त किया है।
जानकारी के मुताबिक, अफगान सीमा इकाइयों ने दंड-वा-पतन क्षेत्र में एक अभियान के दौरान कई हथियार बरामद किए। इससे पहले भी तोरखम क्षेत्र में हथियारों और अन्य उपकरणों की कथित बरामदगी की खबरें सामने आई थीं। इन घटनाओं को सीमा क्षेत्र की सुरक्षा चुनौतियों और बढ़ती अस्थिरता से जोड़कर देखा जा रहा है।
कुछ रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि अफगान सुरक्षा तंत्र के भीतर ऐसे आरोप लगाए जा रहे हैं कि सीमा पार गतिविधियों में कुछ बाहरी तत्वों की भूमिका हो सकती है। हालांकि इन दावों की पुष्टि के लिए अहम सबूत नहीं सामने आए हैं।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पाकिस्तान ने सीमा पार सक्रिय उग्रवादी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया, जबकि अफगान पक्ष ने कहा कि किसी भी देश की आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों का समाधान उसके अपने संस्थागत ढांचे के भीतर किया जाना चाहिए।
----------------------

