पलवल : अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी से आहत युवती ने जोहड़ में कूदकर दी जान
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
पलवल, 17 जून (हि.स.)। जिले के मुंडकटी थाना क्षेत्र के एक गांव में अश्लील फोटो वायरल करने की कथित धमकी से परेशान होकर 20 वर्षीय युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर गांव के ही एक युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि गांव निवासी यश उसकी 20 वर्षीय बहन को अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। आरोप है कि आरोपी द्वारा युवती पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था, जिससे वह काफी परेशान रहने लगी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार जब उसे इस बारे में जानकारी मिली तो वह 14 जून को आरोपी के घर शिकायत करने पहुंचा। वहां आरोपी ने कथित रूप से उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
परिजनों के मुताबिक घटना के बाद युवती काफी तनाव में थी। 15 जून को वह घर से बिना बताए निकल गई। बाद में गांव के कुछ लोगों ने उसे गांव के जोहड़ की ओर जाते हुए देखा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस और गांव के सरपंच को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मुंडकटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जोहड़ में तलाशी अभियान शुरू किया । पुलिस ने एनडीआरएफ के गोताखोरों की सहायता से जोहड़ में सर्च ऑपरेशन चलाया। मंगलवार को युवती का शव जोहड़ से बरामद कर लिया गया। मुंडकटी थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतका के भाई की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है।
---------------

