पलवल: युवती ने नहर में कूदकर की आत्महत्या

पलवल, 12 मई (हि.स.)। पलवल जिले में अलावलपुर पुलिस चौकी के निकट एक युवती ने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने तुरंत चांदहट थाना की अलावलपुर पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। काफी तलाश के बाद गोताखोरों ने महिला के शव को नहर से बाहर निकाला।

पुलिस ने मौके पर मृतका की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम और शिनाख्त के लिए जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।

पुलिस आसपास के गांवों और विभिन्न थानों में महिला के हुलिए व कपड़ों के आधार पर जानकारी साझा कर रही है, ताकि उसकी पहचान हो सके। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला ने यह कदम किन कारणों से उठाया।

चांदहट थाना पुलिस और अलावलपुर चौकी प्रभारी मामले की जांच में जुटे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका की पहचान होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति साफ हो सकेगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर