भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पंजाब दौरे को लेकर प्रदेश भर में तैयारियां तेज
- Neha Gupta
- Jun 19, 2026

चंडीगढ़, 19 जून । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के 20 जून से शुरू हो रहे तीन दिवसीय पंजाब दौरे को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। दौरे को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेशभर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। भाजपा के नेता और पदाधिकारी इन दिनों लगातार बैठकों में व्यस्त हैं तथा विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों स्वयं तैयारियों की कमान संभाले हुए हैं। वे वरिष्ठ नेताओं, जिला अध्यक्षों, मंडल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं। इन बैठकों में राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ-साथ कार्यकर्ताओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार अमृतसर, जालंधर और लुधियाना में विशेष स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे के दौरान सभी कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें। स्वागत समारोहों, कार्यकर्ता सम्मेलनों और संगठनात्मक बैठकों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
नितिन नवीन 20 जून को अमृतसर पहुंचकर श्री हरमंदिर साहिब, जलियांवाला बाग, श्री दुर्गियाना मंदिर और श्री राम तीर्थ मंदिर में मत्था टेकेंगे तथा राज्य की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नमन करेंगे। इसके बाद वे जालंधर में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
वे 21 जून को लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद लुधियाना में भाजपा के नए जिला कार्यालय का उद्घाटन करेंगे और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। शाम को उद्योगपतियों और व्यापारिक समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ भी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
भाजपा नेताओं का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा पंजाब में पार्टी संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा और आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर संगठनात्मक विस्तार को मजबूती देगा। प्रदेशभर के भाजपा कार्यकर्ता इस दौरे को सफल बनाने के लिए दिन-रात जुटे हुए हैं और पार्टी के भीतर उत्साह तथा जोश का माहौल देखने को मिल रहा है।
-----------------------

