पश्चिम चंपारण में गांव एवं कब्रिस्तान को कटाव से बचाने हेतु आमरण अनशन

बेतिया, 17 अगस्त (हि.स.)। जिला के नाहा ब्लॉक स्थित माधोपुर गांव में हरबोड़ा नदी से गांव व कब्रिस्तान को कटाव से बचाने हेतु शनिवार से मुखिया मंजुला मिश्रा सैकड़ो ग्रामीणों के साथ अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर हैं। मुखिया ने बताया कि वर्ष 2022 से जिला स्तरीय पदाधिकारी, सांसद व विधायक से हरबोड़ा नदी से कटाव हेतु गाइड बंद बांधने की मांग होती रही है। परंतु प्रशासन चुप्पी साधे हुए था। यही कारण है की मुखिया सहित ग्रामीण जनता आमरण अनशन पर उतारू हुए हैं।

ग्रामीण जनता अवध बिहारी यादव, दिनेश शर्मा, बलिराम शर्मा, ललित शर्मा, पूनम शर्मा, मदन राम, बीरबल राम, हेवंती देवी, निर्मला देवी, कलावती देवी, जमीला खातून, हृदया देवी, झुना देवी, राधिका देवी वार्ड सदस्य संजय सिंह, अमर बैठा, दयानंद यादव, नबीउन नेशा आदि ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले एक दशक में वार्ड नंबर 5 व 6 के सैकड़ो घर हरबोड़ा नदी में विलीन हो चुके हैं। प्रशासन से गुहार लगाते लगाते गांव की जनता थक चुकी थी।

सीओ विवेक कुमार सिंह का कहना है कि गांव व कब्रिस्तान को हरबोड़ा नदी के कटाव से बचाने हेतु जिला प्रशासन को पत्र भेजा जा चुका है। जबकि ग्रामीणों ने बताया कि इस इलाके में प्रशासनिक अधिकारियों की रवैया जनता के प्रति बहुत ही खराब होती जा रहीं हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक / चंदा कुमारी

   

सम्बंधित खबर