पत्नी से विवाद के बाद दुखी युवक ने लगाई फांसी, मौत

फतेहपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। जिले में मायके में रह रही पत्नी से ससुराल गए युवक का विवाद हुआ। दुखी युवक ने वापस घर आकर मंगलवार को कमरे के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या करके अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की है।

खखरेरू थाना क्षेत्र के बरहटा गांव निवासी राजेश विश्वकर्मा (28) पुत्र धर्मराज विश्वकर्मा की शादी थाना क्षेत्र के पड़ोसी गांव हकीमपुर खंतवा में मोनी देवी के साथ 2023 में हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के कुछ दिन तक तो सब कुछ ठीक-ठाक रहा, लेकिन बाद में दंपति के बीच मनमुटाव हो गया और बातों-बातों में कहासुनी होने लगी थी। जिसके चलते पत्नी मोनी अपने मायके चली गई थी।

मृतक के परिजनों ने बताया कि रविवार की शाम को राजेश ससुराल गया था। आरोप लगाया कि राजेश व पत्नी मोनी के बीच विवाद हुआ, जिसे लेकर ससुराल वालों ने उसे अपमानित किया। इसके बाद आज राजेश अपने घर वापस लौटने के बाद कमरे में चला गया था। जब काफी देर तक राजेश कमरे के बाहर नहीं निकला तो परिजन खिड़की से झांक कर देखा, राजेश का शव फंदे से लटक रहा था।

कार्यवाहक थाना प्रभारी श्याम सुंदर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

   

सम्बंधित खबर