पटवारी एक हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

जयपुर, 27 जून (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भीलवाड़ा जिले में कार्रवाई करते हुए करेडा तहसील के पटवार हल्का चिलेश्वर के पटवारी लोकेश जोशी को फौतगी नामांतरण खोलने की एवज में एक हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पटवारी ने परिवादी से कुल 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। जिसे बाद में 8 हजार रुपये में तय किया गया था।

एसीबी डीजी गोविंद गुप्ता के अनुसार परिवादी ने एसीबी कार्यालय में शिकायत दी थी कि उसके पिता की मृत्यु के बाद राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज कृषि भूमि का फौतगी नामांतरण परिवार के नाम खोलने के लिए पटवारी लोकेश जोशी रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत में बताया गया कि आरोपी पहले ही 20 जून 2026 को 5 हजार रुपये ले चुका था और शेष 3 हजार रुपये की मांग कर रहा था। शिकायत का सत्यापन करने के दौरान आरोपी पटवारी ने परिवादी से 1000 रुपये की रिश्वत ली और शेष 1000 रुपये बाद में लेने पर सहमति जताई। इसके बाद एसीबी ने जाल बिछाया।

एसीबी भीलवाड़ा प्रथम टीम के उप अधीक्षक पारसमल के नेतृत्व में शनिवार को ट्रैप कार्रवाई की गई। आरोपी पटवारी ने परिवादी से 1000 रुपये लेकर अपनी पहनी हुई लोअर की जेब में रख लिए, जहां से एसीबी टीम ने रिश्वत की राशि बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

---------------

   

सम्बंधित खबर